यूपी में 20,382 पदों पर बंपर भर्ती: TGT के 17,735 पद, आवेदन कल से शुरू; दिसंबर में परीक्षा
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, लखनऊ • 23/10/2026, 10:53:13 pm
यूपी में 20,382 पदों पर भर्ती का ऐलान, TGT के 17,735 पदों के लिए कल से आवेदन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक और विद्यालय प्रमुखों के कुल 20,382 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए हैं। इनमें प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) के 17,735, प्रधानाध्यापक के 1,172 और प्रधानाचार्य के 1,475 पद शामिल हैं।
TGT के 17,735 पदों पर भर्ती
TGT भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क 23 नवंबर तक जमा करना होगा, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित है। भर्ती परीक्षा 23 और 24 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के 2,647 पद
आयोग ने हाईस्कूल स्तर के विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 1,172 और इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालयों में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती निकाली है। दोनों भर्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है।
इन पदों के लिए आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर और आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 है। दोनों भर्तियों की परीक्षा 7 जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है।
तीनों भर्तियों में OTR अनिवार्य
आयोग ने तीनों भर्ती प्रक्रियाओं में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य किया है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद संबंधित भर्ती का ऑनलाइन आवेदन भरा जा सकेगा।
कहां करें आवेदन?
अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (upessc.up.gov.in) पर जाकर संबंधित भर्ती का विस्तृत विज्ञापन, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देश देख सकते हैं। आवेदन करने से पहले संबंधित विज्ञापन को ध्यानपूर्वक पढ़ना जरूरी है।