हरदोई: वजीफा आवेदन फॉरवर्ड न करने पर 50 स्कूलों को नोटिस, मान्यता रद्द करने और बोर्ड परीक्षा से डिबार करने की चेतावनी
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 24/10/2026, 5:55:16 am
हरदोई। माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों के वजीफा आवेदन अग्रसारित नहीं करने पर 50 विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालयों से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही 26 अक्टूबर तक आवेदन फॉरवर्ड नहीं करने पर बोर्ड परीक्षा से संबंधित कार्रवाई और मान्यता प्रत्याहरण की चेतावनी दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पाठक की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों का डाटा केवाईसी पूरा होने के बावजूद वजीफा आवेदन फॉरवर्ड नहीं किए जा रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित विद्यालयों से जवाब मांगा गया है।
26 अक्टूबर तक आवेदन अग्रसारित करने के निर्देश
नोटिस के अनुसार, निर्धारित समयसीमा यानी 26 अक्टूबर तक विद्यार्थियों के वजीफा आवेदन अग्रसारित नहीं किए गए तो संबंधित विद्यालयों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाए जाने से वंचित किया जा सकता है। इसके साथ ही विद्यालय को डिबार करने और मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
नोटिस पाने वाले विद्यालयों में कई संस्थान शामिल
जारी सूची में आरएन इंटर कॉलेज, मड़िया जाफरपुर बिलग्राम; दुर्गा प्रसाद मेमोरियल हाईस्कूल, पचकोहरा; एसजेएएम एचएसएस, पिहानी; हरपाल सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल, भवापुर कुंडी; नारायण गर्ल इंटर कॉलेज, बावन; एसडी जनता इंटर कॉलेज, शाहाबाद; एसजेपीएल हायर सेकेंडरी स्कूल, तिर्वा चांदपुर; रानी अवंती बाई हाईस्कूल, नवादा बासित नगर; संतोष कुमार इंटर कॉलेज, बेहंदर कलां; गुरुकुल हायर सेकेंडरी स्कूल, बरखेरिया पिहानी; बाबा भानु राम हायर सेकेंडरी स्कूल और ओम साइन बालाजी महाराज इंटर कॉलेज, गौसगंज समेत अन्य विद्यालय शामिल हैं।
इसके अलावा समता पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, गुलामऊ; मां सरस्वती इंटर कॉलेज, शाहाबाद; श्री नंदलाल प्यारी देवी हायर सेकेंडरी स्कूल, पिहानी; तेजपाल सिंह यादव हायर सेकेंडरी स्कूल, खरगापुर तिराहा; राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), संडीला; श्री देवेंद्र आश्रम हायर सेकेंडरी स्कूल, छिबरामऊ और श्री बाबूराम हायर सेकेंडरी स्कूल, बूंदी के नाम भी सूची में बताए गए हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से संबंधित विद्यालयों को निर्धारित समयसीमा में आवेदन अग्रसारित करने और नोटिस का जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।