हरदोई: यूपी बोर्ड परीक्षा की नामावली जमा करने की तारीख बढ़ी, अब 26 अक्टूबर तक मिलेगा मौका
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 24/10/2026, 5:57:29 am
हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के विद्यार्थियों की नामावली जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले यह नामावली 22 अक्टूबर तक जमा करनी थी, लेकिन अब विद्यालयों को 26 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। जिले के 200 से अधिक विद्यालय निर्धारित समयसीमा में नामावली जमा नहीं कर सके थे।
जिले में कुल 627 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में पढ़ने वाले 98,160 विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है। इन विद्यार्थियों की नामावली बोर्ड की वेबसाइट से अपलोड करने के बाद उसकी प्रति कोषागार चालान के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करनी थी।
निर्धारित समयसीमा तक जिले के 200 से अधिक विद्यालय नामावली जमा नहीं कर पाए थे। वहीं, प्रदेश के 940 विद्यालयों की ओर से भी समय पर नामावली अपलोड और जमा नहीं की गई थी। इसके बाद बोर्ड ने नामावली जमा करने की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर से बढ़ाकर 26 अक्टूबर कर दी।
प्रधानाचार्यों को दिए गए निर्देश
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि मंडल के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य अब 26 अक्टूबर तक नामावली अपलोड कर उसकी प्रति कोषागार चालान के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
संयुक्त शिक्षा निदेशक, षष्ट मंडल लखनऊ, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी विद्यालयों की नामावली जमा कराना सुनिश्चित किया जाए।
विद्यालयों को अब बढ़ी हुई समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करनी होगी, ताकि बोर्ड परीक्षा से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी हो सकें।