फर्रुखाबाद: बौद्ध महोत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट, संकिसा से मां विसारी मंदिर तक निकाला फ्लैग मार्च
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, फर्रुखाबाद • 24/10/2026, 7:08:44 pm
फर्रुखाबाद। बौद्ध महोत्सव कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मेरापुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में पैदल फ्लैग मार्च किया। थाना अध्यक्ष चौधरी नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने दंगा नियंत्रण उपकरणों, बॉडी प्रोटेक्टर और हेलमेट के साथ संकिसा तिराहे से मां विसारी मंदिर होते हुए बौद्ध तीर्थ स्थल तक मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मी हाथों में डंडे लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आगे बढ़े। इसमें मेरापुर थाने की पुलिस, राजेंद्र नगर और अचरा चौकी के पुलिसकर्मी शामिल हुए। मार्च में उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और महिला पुलिसकर्मियों ने भी भाग लिया।
इस दौरान राजेंद्र नगर चौकी प्रभारी अरुण कुमार तेवतिया, अचरा चौकी प्रभारी शेखर सैनी और सब-इंस्पेक्टर आरके सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बौद्ध महोत्सव को लेकर निकाले गए इस फ्लैग मार्च के माध्यम से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस की सतर्कता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।