हरदोई: बहन की ससुराल करवा देने जा रहे बाइक मैकेनिक की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 24/10/2026, 10:49:09 pm
हरदोई। माधोगंज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक मैकेनिक गोविंद कुमार (33) की मौत हो गई। वह अपनी बहन की ससुराल करवा लेकर जा रहे थे। इसी दौरान कछियानपुरवा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बहन की ससुराल जा रहे थे गोविंद
जानकारी के अनुसार, माधोगंज थाना क्षेत्र के शेरखवापुर पूर्वी निवासी गोविंद कुमार पुत्र अशोक कुमार पेशे से बाइक मैकेनिक थे। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे वह बाइक से अपनी बहन की ससुराल बाबटमऊ, मल्लावां जा रहे थे। वह बहन के यहां करवा देने के लिए निकले थे। रास्ते में कछियानपुरवा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गोविंद सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने मदद करते हुए एंबुलेंस-108 को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से गोविंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) माधोगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चार बहनों के इकलौते भाई थे गोविंद
गोविंद परिवार में चार बहनों के इकलौते भाई थे। वह बाइक मैकेनिक का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। परिवार में पत्नी सपना और तीन साल की बेटी सृष्टि है। गोविंद की अचानक मौत से पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।