एमएलसी चुनाव को लेकर बूथ पर पहुंचीं प्रशासनिक टीम, एडीएम ने परखी तैयारियां
रत्नेश कुमार यादव • चंदौली, चंदौली • 17/10/2026, 9:30:52 pm
23 अक्टूबर को होगा मतदान, 17 से 24 अक्टूबर तक चलेगा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान
शहाबगंज (चंदौली)। शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा ने पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय शहाबगंज में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चुनाव तैयारियों के संबंध में जानकारी हासिल की।
एडीएम ने मतदान प्रक्रिया को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने पर जोर दिया। उन्होंने बूथ पर सुरक्षा, मतदान व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजामों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि आगामी 23 अक्टूबर को शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान होना है। इस बार शहाबगंज में मतदान के लिए पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय को मतदान केंद्र बनाया गया है। इससे पहले शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव का मतदान ब्लॉक परिसर में ही कराया जाता था। नए मतदान केंद्र पर प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इसके साथ ही 17 से 24 अक्टूबर तक मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पात्र मतदाता संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। प्रशासन की ओर से मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पात्र लोगों को मतदान के अधिकार से जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी विकास मित्तल, क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान, नायब तहसीलदार आरिफ अंसारी, खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार, ग्राम प्रधान रामजीत साहनी, ग्राम विकास अधिकारी राजेंद्र भारती तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या बबिता कुमारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।