लखनऊ: वेतन में देरी और प्रताड़ना के आरोपों पर UPSRTC कर्मचारियों का प्रदर्शन, चालक ने किया आत्मदाह का प्रयास
प्रिया राठौर • लखनऊ, लखनऊ • 25/10/2026, 4:53:17 pm
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कैसरबाग स्थित उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की कार्यशाला में रविवार को संविदा बस चालकों और परिचालकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने वेतन में देरी, प्रशासनिक प्रताड़ना और ड्यूटी से हटाए जाने जैसे मुद्दों को लेकर नाराजगी जताई। इसी दौरान एक संविदा चालक द्वारा खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किए जाने की घटना सामने आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखपुर रूट पर बस चलाने वाले मोहम्मद इरफान ने आरोप लगाया कि लोड फैक्टर को लेकर उन पर काफी दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि इस रूट पर डग्गामार बसों और निजी वाहनों के संचालन के कारण रोडवेज बसों में पर्याप्त सवारियां नहीं मिल पातीं। इसके बावजूद कर्मचारियों पर दबाव बनाया जाता है।
इरफान ने आरोप लगाया कि परिवहन निगम और जिला प्रशासन से डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने के बजाय कर्मचारियों को ही प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) पर भी बिना उचित कारण रूट से हटाने और समय पर वेतन नहीं मिलने की समस्या का समाधान न करने के आरोप लगाए।
परिचालक ने भी किया आत्मदाह का प्रयास
बताया गया कि चालक द्वारा खुद पर पेट्रोल डालने के बाद उसके परिचालक ने भी खुद पर पेट्रोल डाल लिया। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने दोनों को आत्मदाह करने से बचा लिया। घटना के बाद कार्यशाला परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य गेट बंद
घटना के बाद सुरक्षा कारणों से कैसरबाग कार्यशाला का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। परिसर में कर्मचारियों का विरोध-प्रदर्शन और हंगामा जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की।
कर्मचारियों ने रखीं ये मांगें
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने मांग की कि प्रशासनिक प्रताड़ना के आरोपों की जांच कराई जाए, बिना उचित कारण रूट से हटाने की कार्रवाई रोकी जाए और लंबित वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, डग्गामार वाहनों के संचालन पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई।