हरदोई: फर्दापुर के पास माइनर में मिला लापता युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 26/10/2026, 12:38:41 am
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के फर्दापुर के पास रविवार सुबह माइनर में एक 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक शनिवार शाम से लापता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को माइनर से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान सुरसा थाना क्षेत्र के खजुहरा मजरा बजनी पुरवा गांव निवासी रामू पुत्र श्रीकृष्ण कुमार यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रामू शनिवार शाम करीब 5:30 बजे साइकिल से गेहूं पिसवाने के लिए गोहरी गांव स्थित चक्की पर गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह गांव के दो लोगों ने फर्दापुर के पास माइनर में शव पड़े होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रामू के रूप में की।
चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था रामू
रामू चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी सुनीता और तीन साल का एक बेटा है। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलते ही शहर कोतवाल संजय त्यागी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को माइनर से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
शहर कोतवाल संजय त्यागी के मुताबिक, मामला संज्ञान में है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।