फिरोजाबाद मे दर्दनाक सड़क हादसा
विकल्प कुमार • फिरोजाबाद, फिरोजाबाद • 26/10/2026, 8:09:31 am
फिरोजाबाद। जनपद के नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव छटनपुरा में रविवार रात टेसू-झेंझी विवाह की रस्म के बाद विसर्जन के लिए जा रही महिलाओं और युवतियों को एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन किशोरियों और एक युवक की मौत होने की सूचना है। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा है।
चार पहिया वाहन की चपेट में आने से गई चार की जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छटनपुरा गांव में टेसू-झेंझी विवाह समारोह के बाद महिलाएं और युवतियां विसर्जन के लिए जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार लोगों की मौत होने की सूचना सामने आई है।
मृतकों की पहचान बबली उर्फ दीपिका पुत्री ब्रजेश, प्रेक्षा और अंजलि पुत्री शिशुपाल तथा हरीश पुत्र गंभीर सिंह, निवासी छटनपुरा, थाना नसीरपुर के रूप में बताई गई है। मृतकों की उम्र और अन्य विवरणों की आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, कार सवारों की पिटाई
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में सवार चार लोगों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। ग्रामीणों की पिटाई से कार सवार भी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया।
जिलाधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिकोहाबाद अस्पताल में कई थानों का पुलिस बल तैनात
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शिकोहाबाद अस्पताल में कई थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पुलिस अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
गांव में मातम, पुलिस जांच में जुटी
चार लोगों की मौत की खबर से छटनपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के कारणों, वाहन चालक की भूमिका और घटना के बाद हुए घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और आधिकारिक जानकारी के आधार पर की जाएगी।
रिपोर्ट- विकल्प वर्मा ब्यूरो चीफ फिरोजाबाद