लखनऊ में लोहिया अस्पताल के बाहर ठेले लगाने को लेकर बवाल, तीमारदारों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
प्रिया राठौर • लखनऊ, लखनऊ • 26/10/2026, 7:35:11 pm
नारियल पानी खरीदने के दौरान हुआ विवाद, करीब आधे घंटे तक चली मारपीट; पुलिस के सामने भी दबंगई का आरोप
लखनऊ। लोहिया संस्थान के गेट नंबर-8 के सामने सोमवार दोपहर ठेले लगाने को लेकर जमकर बवाल हुआ। नारियल पानी खरीदने के दौरान शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि ठेले वालों ने अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों के तीमारदारों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान कई ठेले भी पलट गए और अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने भी मारपीट जारी रहने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में मरीज का इलाज कराने आए तीमारदार बाहर नारियल पानी खरीदने निकले थे। इसी दौरान ठेले वालों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि ठेले वालों ने एक तीमारदार को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। बचने के लिए भाग रहे तीमारदार को कई लोगों ने दौड़ाकर पीटा। बताया जा रहा है कि अस्पताल के गेट के पास गिरने के बाद भी 10 से अधिक लोगों ने उसे काफी देर तक पीटा।
करीब आधे घंटे तक चलता रहा हंगामा
घटना विभूतिखंड थाना क्षेत्र में लोहिया संस्थान के गेट नंबर-8 के सामने दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। मारपीट के दौरान कई ठेले पलट गए। अस्पताल में इलाज कराने आए लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। ठेला पलटने से वहां मौजूद लोगों का खाने-पीने का सामान भी बिखर गया।
वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान
विभूतिखंड इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक, विवाद में एक पक्ष दुकानदारों और दूसरा पक्ष अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज के तीमारदारों का है। नारियल पानी खरीदने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद दुकानदारों ने तीमारदार पर हमला कर दिया। पीड़ित से तहरीर लेकर वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
चौकी इंचार्ज पर पैसे लेकर ठेले लगवाने का आरोप
आसपास के दुकानदारों ने आरोप लगाया है कि नए चौकी प्रभारी के आने के बाद से स्थायी दुकानों के सामने पैसे लेकर ठेले लगवाए जा रहे हैं। उनका दावा है कि ठेले लगाने वाले दुकानदारों से बदसलूकी करते हैं और पहले भी कई बार मारपीट कर चुके हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में पीड़ित की तहरीर और वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।