कछौना में मदारी पासी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया, लोजपा ने विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
सौरभ श्रीवास्तव • मुख्यालय, हरदोई • 26/10/2026, 9:00:06 pm
प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार रावत ने मदारी पासी के संघर्ष और योगदान पर डाला प्रकाश, जिलाध्यक्ष निर्भय राजवंशी की अगुवाई में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता
कछौना, हरदोई। कछौना कस्बे के एक निजी लॉन में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के तत्वावधान में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं क्रांतिकारी मदारी पासी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष निर्भय राजवंशी की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोजपा (रामविलास) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं लखनऊ मंडल प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मदारी पासी के जीवन संघर्ष, साहस और योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मदारी पासी का जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने, सामाजिक एकता बनाए रखने और समाज को संगठित करने की प्रेरणा देता है।
बैठक में वक्ताओं ने मदारी पासी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इसके साथ ही पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और संगठन का विस्तार करने पर चर्चा हुई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक एकता के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष निर्भय राजवंशी ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए जिले में पार्टी को मजबूत बनाने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी डॉ. नृपेंद्र वर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष कमाल अहमद, संतोष रावत, मंडल मंत्री राजकुमार शर्मा, पूर्व प्रधान, पार्टी के वरिष्ठ सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।