लखनऊ: बीकेटी में किसान पथ पर केमिकल से भरा टैंकर पलटा, सुरक्षा के मद्देनजर यातायात रोका
प्रिया राठौर • लखनऊ, लखनऊ • 26/10/2026, 9:12:32 pm
तेज बदबू से लोगों को हुई परेशानी, आंखों में जलन की शिकायत; पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र में किसान पथ पर केमिकल से भरा एक टैंकर पलटने से इलाके में हड़कंप मच गया। टैंकर से निकल रही केमिकल की तेज बदबू के कारण आसपास से गुजर रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने आंखों में जलन होने की शिकायत भी की।
घटना की सूचना मिलते ही बीकेटी पुलिस, फायर ब्रिगेड और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर किसान पथ पर आवागमन रोक दिया गया, ताकि किसी संभावित खतरे से बचा जा सके।
टैंकर में भरे केमिकल की प्रकृति और रिसाव की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। मौके पर पहुंची टीमें स्थिति को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जुट गईं।
प्रशासन की ओर से लोगों को घटनास्थल से दूरी बनाए रखने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। घटना के कारण किसान पथ पर यातायात प्रभावित हुआ।