नीचे लटकते हाईटेंशन तारों ने ली किसान की जान, बिजली विभाग पर फूटा परिजनों का गुस्सा
विकल्प कुमार • फिरोजाबाद, फिरोजाबाद • 26/10/2026, 10:49:31 pm
नीचे लटकते हाईटेंशन तारों ने ली किसान की जान, बिजली विभाग पर फूटा परिजनों का गुस्सा
खेत में आलू उतारते समय 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आया 35 वर्षीय ब्रजेश कुमार, शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप
पत्नी और दो मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल, अधिकारियों ने जांच और मुआवजे का दिया आश्वासन
सिरसागंज (फिरोजाबाद)। खेत में मेहनत कर परिवार का पेट पालने निकले किसान को क्या पता था कि खेत के ऊपर झूल रहे बिजली के तार उसकी जिंदगी छीन लेंगे। सिरसागंज थाना क्षेत्र के ग्राम नगला पुरा में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 35 वर्षीय किसान ब्रजेश कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला पुरा निवासी ब्रजेश कुमार पुत्र शेर सिंह अपने खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली से आलू की फसल उतार रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
शिकायत के बाद भी नहीं चेता विभाग!
मृतक के भाई आदेश कुमार ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे थे। इसकी शिकायत पहले भी बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन तारों को ठीक कराने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती, तो शायद किसान की जान बच सकती थी। हादसे के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
ब्रजेश कुमार अपने पीछे पत्नी नीलम देवी, 10 वर्षीय पुत्र यशराज और पांच वर्षीय पुत्री निधि को छोड़ गए हैं। पति की मौत से नीलम देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार की इस दर्दनाक स्थिति को देखकर गांव के लोग भी गमगीन हैं।
अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा
हादसे की सूचना पर नायब तहसीलदार नरेश पाल सिंह और सिरसागंज के एसडीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बिजली के नीचे लटके तारों की जांच कराने और नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और किसान के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अब ग्रामीणों की मांग है कि हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि विभागीय लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी दूसरे परिवार को ऐसी दर्दनाक त्रासदी का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट- विकल्प वर्मा ब्यूरो चीफ फिरोजाबाद