जेवर छुड़ाने के बाद भी नहीं लौटे 3.50 लाख रुपये, सर्राफ भाइयों पर FIR; दुकान बंद कर हुए फरार
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 27/10/2026, 6:11:40 am
भरावन (हरदोई)। अतरौली थाना क्षेत्र में गिरवी रखे जेवर वापस न करने और उधार लिए गए 3.50 लाख रुपये नहीं लौटाने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता का आरोप है कि रकम और ब्याज चुकाने के बावजूद उसे न तो अपने जेवर मिले और न ही उधार दी गई रकम वापस मिली। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
75 हजार रुपये में गिरवी रखे थे जेवर
लखनऊ के बसंत बिहार कॉलोनी निवासी पूजा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 27 मई 2021 को अतरौली थाने के सामने हिरईखेड़ा निवासी रोहित सोनी और ललित सोनी की ज्वेलरी शॉप पर अपने जेवर गिरवी रखे थे। इनमें सोने के दो हार, एक जोड़ी झुमकी, दो मांगबेदी, चांदी की दो कमर पेटी और दो जोड़ी पाजेब शामिल थीं। इन जेवरों के बदले उन्हें 75 हजार रुपये मिले थे।
ब्याज समेत 1.80 लाख चुकाने का दावा
पूजा सिंह के मुताबिक, उन्होंने मई 2025 तक ब्याज समेत कुल 1.80 लाख रुपये जमा कर दिए थे। इसके बाद भी आरोपियों ने उनके जेवर वापस नहीं किए। आरोप है कि दोनों भाइयों ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए उनसे और रुपये मांगे तथा दो महीने में लौटाने का भरोसा दिया।
दो किस्तों में दिए 3.50 लाख रुपये
शिकायत के अनुसार, पूजा सिंह ने 10 जून 2025 को अपनी बहन से ढाई लाख रुपये लेकर आरोपियों को दिए। इसके बाद 28 नवंबर 2025 को एक लाख रुपये और दिए। पीड़िता का आरोप है कि इतनी रकम देने के बाद भी न तो उनके जेवर लौटाए गए और न ही उधार दिए गए रुपये वापस मिले।
दुकान बंद कर मकान में लगाया ताला
आरोप है कि बाद में दोनों भाइयों ने अपनी दुकान बंद कर दी और मकान में ताला लगाकर चले गए। पीड़िता ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
अतरौली थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच और आरोपियों का पक्ष सामने आना बाकी है।