हरदोई में 4 नवंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 50 कंपनियां देंगी नौकरी का अवसर
विमलेश सिंह • भारत, हरदोई • 27/10/2026, 5:41:40 pm
हरदोई। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 4 नवंबर 2026 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला लखनऊ चुंगी स्थित सीएसएन पीजी कॉलेज में आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की लगभग 50 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस एक दिवसीय रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियां लगभग 1,000 से 2,000 रिक्तियों के साथ शामिल होंगी। इस आयोजन में करीब 1,500 से 2,000 बेरोजगार अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रोजगार मेले की तैयारियां समय से पूरी करने और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
इस रोजगार मेले के माध्यम से जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। रोजगार की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।