सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पलटी डबल डेकर बस, 25 यात्री घायल
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, सुल्तानपुर • 27/10/2026, 6:18:45 pm
सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार से लखनऊ जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर बस हलियापुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर 87 पर रामपुर बबुआन गांव के पास पलट गई। हादसे में 25 यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी में चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। बस में 100 से अधिक यात्रियों के सवार होने की जानकारी है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए कुमारगंज स्थित सौ शैय्या अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।