25 हजार के इनामी फरार अभियुक्त को कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा, पैर में गोली लगने से घायल
आचार्य संजीव कुमार मिश्रा • बरेली, बरेली • 28/10/2026, 8:49:30 am
बरेली न्यायालय परिसर से पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को थाना कोतवाली पुलिस ने बुधवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। वहीं अभियुक्त द्वारा की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया और गोली उसके दाहिने बाजू को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने मौके से अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल अभियुक्त और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान अभियुक्त सचिन सिंह ठाकुर पुत्र निर्भन सिंह उर्फ चंद्रभान सिंह, निवासी ठेरा की टाल, बंसी नगला, थाना सुभाषनगर, जनपद बरेली पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। घटना के संबंध में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 528/26, धारा 261/262 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। फरार होने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी और उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।
इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि फरार अभियुक्त रेलवे स्टेशन के आगे स्थित नॉर्थ कॉलोनी के पास मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को प्रातः करीब 03:35 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। आरोप है कि भागते समय अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उसके द्वारा चलाई गई गोली मुख्य आरक्षी रवाब मियां के दाहिने बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे पुलिसकर्मी घायल हो गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में अभियुक्त सचिन सिंह ठाकुर के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किए गए।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल अभियुक्त तथा घायल मुख्य आरक्षी रवाब मियां को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियुक्त सचिन सिंह ठाकुर पूर्व में दर्ज मुकदमे में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके विरुद्ध पूर्व से आठ अभियोग पंजीकृत हैं।
पुलिस ने बरामद अवैध हथियार एवं कारतूस को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से न्यायालय परिसर से फरार हुए इनामी अभियुक्त की तलाश का अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ है।