पत्रकारों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य की चिंता को मिली नई संजीवनी, AB-PMJAY के तहत कैशलेस चिकित्सा सुविधा का पोर्टल होगा गो-लाइव
आचार्य संजीव कुमार मिश्रा • बरेली, बरेली • 28/10/2026, 9:06:06 am
बरेली मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विकसित किए गए नवीन पोर्टल को गो-लाइव किए जाने की सहमति प्रदान कर दी गई है। इस पहल से प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिवारों को उपचार के समय आर्थिक चिंता से राहत मिलने की उम्मीद है।
सूचना निदेशालय के सभागार में मंगलवार को सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में इस नवीन पोर्टल के संचालन एवं प्रक्रिया को लेकर विस्तृत बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों द्वारा पोर्टल की कार्यप्रणाली और प्रक्रिया प्रवाह का विस्तार से प्रस्तुतिकरण किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड जारी किए जाने की पूरी प्रक्रिया को लाइव डेमो के माध्यम से समझाया गया। इसमें आवेदन करने, संबंधित विवरणों के सत्यापन, आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने तथा आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया को चरणबद्ध ढंग से प्रस्तुत किया गया। मुख्यालय के साथ-साथ प्रदेश के सभी जनपदों के जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर पोर्टल संचालन की जानकारी प्राप्त की।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को इस प्रकार सरल और सुगम बनाया गया है, जिससे मान्यता प्राप्त पत्रकारों तथा उनके आश्रितों को आयुष्मान योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ऐसे में उनके और उनके परिवारों के स्वास्थ्य हितों की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने प्रदेश के समस्त जनपदीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे सभी मान्यता प्राप्त पत्रकार, जिनके अथवा उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनका विवरण आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इस संबंध में मुख्यालय को भी तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि मुख्यालय स्तर से आगे की कार्रवाई बिना विलंब के पूरी कराई जा सके।
सूचना निदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए। पात्र पत्रकारों एवं उनके परिवारों को योजना का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के साथ उठाए जाएं।
इस अवसर पर वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित सूचना विभाग एवं संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
नवीन पोर्टल के गो-लाइव होने के बाद मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए आयुष्मान कार्ड की प्रक्रिया अधिक सरल, व्यवस्थित और त्वरित होने की संभावना है। यह पहल पत्रकार समुदाय के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।