हरदोई: ‘ऑपरेशन स्माइल’ से मिली कामयाबी, बिछड़े परिवार से मिलाई गई 2 साल की मासूम बच्ची
सौरभ श्रीवास्तव • कछौना, हरदोई • 28/10/2026, 6:09:01 pm
हरदोई। जिले में कोतवाली शहर पुलिस ने ‘ऑपरेशन स्माइल’ अभियान के तहत परिजनों से बिछड़ी करीब दो साल की बच्ची को सकुशल उसके परिवार से मिला दिया। बच्ची के मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को कोतवाली शहर पुलिस को एक करीब दो वर्षीय बच्ची मिली, जो अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। पुलिस टीम ने तत्काल बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की। बच्ची को शांत और सुरक्षित रखने के लिए मिशन शक्ति केंद्र पर मौजूद महिला आरक्षी के साथ रखा गया।
लाउड हेलर से किया गया प्रचार, फिर मिला परिवार
क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में बच्ची के परिजनों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया। स्थानीय लोगों की मदद और लाउड हेलर के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया। पुलिस के प्रयासों के बाद बच्ची के परिजनों का पता चल गया।
बच्ची की पहचान आध्या पुत्री रमेश राठौर, निवासी सराय टोला पश्चिमी, थाना कोतवाली शहर, जनपद हरदोई के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
परिजनों ने पुलिस टीम का जताया आभार
अपनी बच्ची को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने कोतवाली शहर पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और प्रयासों की सराहना की। उन्होंने हरदोई पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में महिला आरक्षी पूजा तिवारी, फूल कली, मंजीत कौर, अर्चना वर्मा और आस्था पटेल शामिल रहीं।