हरदोई में दर्दनाक सड़क हादसा: बहनोई के अंतिम संस्कार में जा रहे किसान की मौत, पत्नी और तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल
सौरभ श्रीवास्तव • कछौना, हरदोई • 28/10/2026, 7:06:39 pm
हरदोई। जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 50 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान अपने बहनोई के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे, तभी माधौगंज-नयागांव मार्ग पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किसान ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
पीछे से अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, उन्नाव जिले के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के कैथोली गांव निवासी पुत्तूलाल खेती-किसानी करते थे। वह चार भाइयों और चार बहनों में सबसे बड़े थे। हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र के म्योढ़ा गांव निवासी उनके बहनोई श्रीप्रकाश की मंगलवार को हृदयाघात से मौत हो गई थी।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे पुत्तूलाल अपने बहनोई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बाइक से म्योढ़ा गांव के लिए निकले थे। सुबह करीब 9:30 बजे माधौगंज-नयागांव मार्ग पर बांस मोड़ के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल पुत्तूलाल को एंबुलेंस की मदद से माधौगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान दोपहर 1:03 बजे उनकी मौत हो गई।
शहर कोतवाल संजय त्यागी के मुताबिक, हादसा दूसरे कोतवाली क्षेत्र में हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की।
पत्नी और तीन बेटियों पर टूटा दुखों का पहाड़
पुत्तूलाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी पुष्पा और तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में एक ओर बहनोई की मौत का दुख था, वहीं अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे पुत्तूलाल की हादसे में मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।