हरदोई: मवेशी बांधने के विवाद में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमले में घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 28/10/2026, 9:31:42 pm
कछौना (हरदोई)। हरदोई जिले के कछौना कोतवाली क्षेत्र में मवेशी बांधने की जमीन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय रामदीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मवेशी बांधने की जमीन को लेकर था विवाद
मूल रूप से बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले रामदीन पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ कछौना कोतवाली क्षेत्र के गनेरा मजरा छनोदिया स्थित अपने ससुराल में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी रामदेई, तीन बेटे और तीन बेटियां हैं।
परिजनों के मुताबिक, रामदीन के घर के ठीक सामने आरोपी प्रेम का मकान है। दोनों पक्षों के बीच मकान के पास खाली पड़ी मवेशी बांधने की जमीन को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।
विरोध करने पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला करने का आरोप
जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे आरोपी प्रेम कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होकर आया और गालियां देने लगा। जब रामदीन और उनके बेटे लक्ष्मीकांत ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद प्रेम की पत्नी, मां और पुत्र अंकुश भी मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि हमलावरों ने रामदीन और उनके परिजनों पर लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई रामदीन की पत्नी रामदेई, लक्ष्मीकांत की पत्नी चांदनी और रामदीन की 18 वर्षीय पोती किरण भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
सीएचसी से मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
घटना के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कछौना ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रामदीन को बाद में लखनऊ रेफर किया गया था, लेकिन परिजनों के मुताबिक वहां बेड उपलब्ध नहीं होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोमवार रात डॉक्टरों ने रामदीन की हालत गंभीर बताई। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर हरदोई मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
तीसरे दिन इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत
मंगलवार देर रात करीब 2:40 बजे हरदोई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान रामदीन ने दम तोड़ दिया। बुधवार दोपहर करीब दो बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बढ़ेंगी धाराएं
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में मुकदमे की धाराएं बढ़ाई जाएंगी। घटना के बाद से पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है।