हरदोई में 3 नवंबर से शुरू होगा गन्ना पेराई सत्र, 215 क्रय केंद्रों पर होगी खरीदारी
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 29/10/2026, 5:03:39 am
हरदोई। धान की फसल के बाद अब जिले में कैश क्रॉप गन्ने की खरीद और पेराई की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले की चार चीनी मिलों में 3 नवंबर से पेराई सत्र की शुरुआत होगी। गन्ना विभाग ने इसके लिए कुल 1,09,032 हेक्टेयर गन्ना क्षेत्रफल आवंटित किया है। वहीं, किसानों से गन्ना खरीदने के लिए 215 क्रय केंद्रों के संचालन की अनुमति दी गई है।
तीन नवंबर से हरियावां मिल में शुरू होगी पेराई
जिले में सबसे पहले 3 नवंबर को हरियावां चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू होने की संभावना है। यह मिल प्रतिदिन 13,000 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई करेगी। इसके बाद 5 नवंबर से बघौली चीनी मिल में पेराई शुरू होगी, जिसकी प्रतिदिन क्षमता 3,500 मीट्रिक टन है।
वहीं, लोनी और रूपापुर चीनी मिलों में 17 नवंबर से पेराई सत्र शुरू करने की संभावित तिथि तय की गई है। लोनी चीनी मिल प्रतिदिन 8,000 मीट्रिक टन और रूपापुर चीनी मिल 6,500 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई करेगी।
किस चीनी मिल को कितना क्षेत्रफल और कितने क्रय केंद्र?
गन्ना विभाग की ओर से जिले की चारों चीनी मिलों के लिए गन्ना क्षेत्रफल और क्रय केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं।
- हरियावां चीनी मिल: 54,740 हेक्टेयर क्षेत्रफल, 99 क्रय केंद्र।
- लोनी चीनी मिल: 25,071 हेक्टेयर क्षेत्रफल, 44 क्रय केंद्र।
- रूपापुर चीनी मिल: 22,311 हेक्टेयर क्षेत्रफल, 43 क्रय केंद्र।
- बघौली चीनी मिल: 6,910 हेक्टेयर क्षेत्रफल, 29 क्रय केंद्र।
विभाग ने पूरी की तैयारियां
जिला गन्ना अधिकारी निधि गुप्ता ने बताया कि गन्ना पेराई सत्र के लिए विभागीय तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चीनी मिलों को भी अपने स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पेराई सत्र शुरू करने की संभावित तिथियां चीनी मिलों की ओर से निर्धारित की गई हैं।
गन्ने की फसल तैयार होने के साथ ही जिले में गुड़ का उत्पादन भी शुरू हो गया है। ऐसे में आगामी पेराई सत्र से गन्ना किसानों को अपनी उपज चीनी मिलों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।