ब्लॉक प्रमुख सोनम ग्वाल ने प्रभु श्रीराम के स्वरूप की पूजा-अर्चना
आचार्य संजीव कुमार मिश्रा • बरेली, बरेली • 30/10/2026, 9:24:40 am
श्री राम बारात की शोभायात्रा को दिखाई हरी झंडी, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
बरेली फरीदपुर फतेहगंज पूर्वी में भक्ति और उल्लास का उमड़ा सैलाब, धूमधाम से निकाली गई भव्य श्रीराम बारात मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन भक्ति और धार्मिक आस्था से सराबोर ,श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ किया गया। जैसे ही प्रभु श्रीराम के स्वरूप ने नगर की गलियों में प्रवेश किया, वातावरण जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर भक्ति की चमक और हृदय में प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा दिखाई दी।
श्रीराम बारात कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सोनम ग्वाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। उन्होंने प्रभु श्रीराम के स्वरूप के समक्ष विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम से क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने तथा फतेहगंज पूर्वी सहित समूचे क्षेत्र की उन्नति की मंगलकामना की।
पूजन-अर्चन के उपरांत ब्लॉक प्रमुख सोनम ग्वाल ने धार्मिक शोभायात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। श्रीराम बारात के आगे बढ़ते ही श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। जगह-जगह लोगों ने श्रद्धाभाव से शोभायात्रा का स्वागत किया। वातावरण में गूंजते ‘जय श्रीराम’ के जयघोष, भक्ति संगीत और धार्मिक उल्लास ने पूरे क्षेत्र को राममय बना दिया।
श्रीराम बारात के दौरान ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो फतेहगंज पूर्वी की धरती स्वयं प्रभु श्रीराम की भक्ति में नतमस्तक हो गई हो। धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला। नगरवासियों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए आयोजन को भव्यता प्रदान की। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में भी श्रीराम बारात को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री संजय पाठक, मेला कमेटी अध्यक्ष पवन राज मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार कामराज मिश्रा, रामू सिंह, संजीत मिश्रा, पंकज अग्रवाल, अनुज, अमित एवं प्रतीक सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं नगरवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख सोनम ग्वाल ने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को श्रीराम बारात की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।