हरदोई: 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, कूदने की धमकी से मचा हड़कंप
विमलेश सिंह • भारत, हरदोई • 18/10/2026, 6:52:00 pm
हरदोई। जिले के मल्लावां कस्बे में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक करीब 180 फीट ऊंचे बंद पड़े मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर से कूदने की धमकी देने की सूचना पर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक बातचीत कर युवक को समझाया और सुरक्षित नीचे उतार लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, मल्लावां कस्बे के मोहल्ला बंदीपुर निवासी अजय राठौर (पुत्र रामकुमार राठौर) शटरिंग का काम करता है। बताया जा रहा है कि युवक एक मुस्लिम युवती से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। आरोप है कि युवती के शादी से इनकार करने पर वह नाराज हो गया।
रविवार सुबह करीब आठ बजे अजय सुभाष नगर स्थित एक बंद पड़े डोकोमो मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई करीब 180 फीट बताई जा रही है। ऊपर पहुंचकर युवक ने कूदने की धमकी देना शुरू कर दिया। यह देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
कोतवाल ने बातचीत कर युवक को सुरक्षित उतारा
सूचना मिलते ही मल्लावां कोतवाल मनोज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक से काफी देर तक बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस के समझाने पर युवक नीचे उतरने के लिए राजी हो गया।
पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर हिरासत में लिया और कोतवाली पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, युवक से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस की सूझबूझ और समझाइश से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।