यूपी में तीसरी बार BJP सरकार बनी तो लागू होगा UCC, अमित शाह का बड़ा ऐलान
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, लखनऊ • 30/10/2026, 1:43:29 pm
लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनाती है, तो प्रदेश में भी समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी।
अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि योगी सरकार ने कठोर शासन देकर उत्तर प्रदेश को माफियाओं से मुक्त करने का काम किया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई भी दी।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए शाह ने कहा, "यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है, उसे कोई नहीं हिला सकता। कमर कस लीजिए, अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखिए। हमें सरकार बनानी है।"
उन्होंने बीजेपी के पुराने राजनीतिक संघर्षों का जिक्र करते हुए बताया कि एक समय उत्तर प्रदेश में पार्टी के केवल 44 विधायक थे और कार्यकर्ताओं में निराशा का माहौल था। उस दौर में तहसील स्तर तक संगठन को मजबूत करने का काम किया गया। शाह ने 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन की 73 सीटों और 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की 312 सीटों पर जीत का भी उल्लेख किया।
वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने नोटबंदी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले नोटबंदी हुई तो अखिलेश यादव की रातों की नींद उड़ गई थी।
अमित शाह के इस ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश में UCC का मुद्दा 2027 के विधानसभा चुनाव में अहम राजनीतिक मुद्दा बन सकता है।