न्याय के अधिष्ठाता भगवान श्री चित्रगुप्त जी की भव्य शोभायात्रा 1 नवंबर को;
आचार्य संजीव कुमार मिश्रा • बरेली, बरेली • 30/10/2026, 5:39:43 pm
19 वर्षों की परंपरा को मिलेगा आस्था और भव्यता का नया रंग
बरेली सृष्टि के न्याय के अधिष्ठाता एवं कायस्थ समाज के आराध्य भगवान श्री चित्रगुप्त जी की भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति से ओतप्रोत भव्य शोभायात्रा आगामी 1 नवंबर 2026, रविवार को बरेली में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। कायस्थ चेतना मंच, बरेली के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस विशाल शोभायात्रा को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शोभायात्रा को लेकर कायस्थ समाज सहित विभिन्न वर्गों में उत्साह का वातावरण दिखाई दे रहा है।
शोभायात्रा के आयोजन की विस्तृत जानकारी देने के लिए कायस्थ चेतना मंच द्वारा सिविल लाइन्स स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, मार्ग, समय तथा तैयारियों की जानकारी साझा करते हुए समस्त समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
संस्था के अध्यक्ष संजय सक्सेना ने बताया कि कायस्थ चेतना मंच द्वारा भगवान श्री चित्रगुप्त जी की यह भव्य शोभायात्रा लगातार 19 वर्षों से श्रद्धा और समर्पण के साथ आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी शोभायात्रा को सनातन परंपराओं के अनुरूप आकर्षक एवं दिव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा। विभिन्न देवी-देवताओं के मनोहारी स्वरूप, धार्मिक झांकियां और आध्यात्मिक वातावरण शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ाएंगे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से 1 नवंबर को सायं चार बजे श्री त्रिबटीनाथ मंदिर परिसर में पहुंचने की अपील की।
संस्था के संरक्षक डॉ. पवन सक्सेना ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी सृष्टि में न्याय के अधिष्ठाता माने जाते हैं। उनकी आराधना मनुष्य को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी के प्रति श्रद्धा केवल कायस्थ समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि सनातन संस्कृति और धर्म में आस्था रखने वाला प्रत्येक व्यक्ति उनके प्रति श्रद्धा रखता है। उन्होंने समस्त समाज के लोगों से शोभायात्रा में सहभागिता कर इसे भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
महिला अध्यक्ष अनीता मुकेश ने बताया कि शोभायात्रा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं संस्था के महामंत्री अमित सक्सेना ‘बिंदु’ ने बताया कि शोभायात्रा में समाज के साथ-साथ विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिक भी सम्मिलित होंगे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर भगवान श्री चित्रगुप्त जी की भव्य शोभायात्रा के साक्षी बनने का आग्रह किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शोभायात्रा रविवार, 1 नवंबर 2026 को सायं चार बजे श्री त्रिबटीनाथ मंदिर परिसर से प्रारंभ होगी। श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास से सराबोर यह शोभायात्रा नगर के निर्धारित मार्ग से होते हुए सायं सात बजे गद्दड़बाग मंदिर पहुंचकर विराम लेगी। शोभायात्रा के दौरान सनातन संस्कृति की मनोहारी झलक, देवी-देवताओं के स्वरूप तथा धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान वीरेंद्र आर्या, निर्भय सक्सेना, प्रदीप मधवार, विजय सक्सेना, वी.के. सक्सेना, राजीव सक्सेना, चमन सक्सेना, अविनाश सक्सेना, ईशान ईशू, अनुराग भूषण, सुधांशु सक्सेना, प्रवेश वर्मा, स्वाति सक्सेना एवं छवि सक्सेना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कायस्थ चेतना मंच के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी की कृपा और समाज के सामूहिक सहयोग से इस वर्ष की शोभायात्रा भक्ति, संस्कृति, सौहार्द और सामाजिक एकता का अनुपम संदेश लेकर निकलेगी। 19 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा एक बार फिर बरेली की धरती पर श्रद्धा के दीप प्रज्वलित करते हुए सनातन संस्कृति की सुंदर छटा बिखेरेगी।