हरदोई में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 72 जोड़ों का विवाह संपन्न
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 30/10/2026, 5:40:49 pm
सुरसा में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, विवाह सामग्री भी वितरित की गई
हरदोई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को सुरसा तिराहा स्थित स्नेह लॉन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों एवं नगर निकायों के कुल 72 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में सुरसा ब्लॉक प्रमुख एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती अल्का गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अल्का गुप्ता ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें आपसी प्रेम, सहयोग और तालमेल के साथ वैवाहिक जीवन बिताने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने नवदंपतियों पर पुष्प वर्षा कर शुभकामनाएं भी दीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सरकार आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है। योजना के तहत प्रति जोड़ा कुल एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान बताया गया। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के खाते में हस्तांतरित किए जाएंगे, 21 हजार रुपये की वैवाहिक सामग्री दी जाएगी तथा 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाएंगे।
समारोह में नवविवाहित जोड़ों को साड़ी, कपड़े, डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, कूलर, आयरन, सीलिंग फैन, बेडशीट, कंबल, गद्दे, तकिया, आभूषण एवं अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह के माध्यम से सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग का संदेश दिया गया।