चंदौली में 2 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, जिले में बनाए गए 147 क्रय केंद्र
रत्नेश कुमार यादव • चंदौली, चंदौली • 31/10/2026, 2:05:27 pm
चंदौली। जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की खरीद आगामी 2 नवंबर से शुरू होगी। इसके लिए जनपद में कुल 147 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के अनुमोदन के बाद धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी क्रय केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक धान की खरीद की जाएगी। इस वर्ष सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त सफाई और छनाई के मद में 20 रुपये प्रति क्विंटल की धनराशि भी दी जाएगी। इस प्रकार निर्धारित शर्तों के अनुसार किसानों को कुल 2461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान मिलेगा।
जिले के नौ विकास खंडों में बनाए गए 147 क्रय केंद्र
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न विकास खंडों में क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें बरहनी में 32, चकिया में 23, चंदौली सदर में 22, सकलडीहा में 18, धानापुर में 15, शहाबगंज में 13, चहनियां में 11, नियामताबाद में 7 और नौगढ़ में 6 क्रय केंद्र बनाए गए हैं।
इन क्रय केंद्रों का संचालन खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, भारतीय खाद्य निगम और मंडी समिति के माध्यम से किया जाएगा।
फार्मर रजिस्ट्री और पंजीकरण अनिवार्य
धान की बिक्री के लिए किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य किया गया है। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हुई है, उन्हें खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा। इसके साथ ही जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री में खेतों के सभी गाटे दर्ज नहीं हैं, उन्हें समय रहते सभी गाटे जुड़वा लेने की सलाह दी गई है, ताकि धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी खरीद
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि धान की खरीद पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। किसान संबंधित क्रय केंद्र पर पहुंचकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री अथवा पंजीकरण संबंधी विवरण देकर धान बेचने के लिए अपना क्रम दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को रविवार का अवकाश होने के कारण धान खरीद की प्रक्रिया 2 नवंबर से शुरू होगी।
लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी
प्रशासन की ओर से सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी क्रय केंद्र पर अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर केंद्र प्रभारी के साथ संबंधित संस्था के जिला प्रबंधकों की भी जवाबदेही तय की जाएगी।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री और पंजीकरण की स्थिति सुनिश्चित कर लें, जिससे धान खरीद शुरू होने के बाद उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।