डैडीज स्कूल की 21वीं निःशुल्क अयोध्या यात्रा में 25 श्रद्धालु रवाना
रत्नेश कुमार यादव • चंदौली, चंदौली • 31/10/2026, 3:22:42 pm
शहाबगंज (चंदौली)। डैडीज इंटरनेशनल स्कूल एवं हॉस्टल बिशुनपुरा-कांटा की ओर से संचालित निःशुल्क अयोध्या दर्शन यात्रा के तहत शनिवार को 25 श्रद्धालुओं का दल प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए रवाना हुआ। गायत्री चेतना केंद्र सकलडीहा से विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी और श्री अजीत पाठक ने हरी झंडी दिखाकर वातानुकूलित बस को रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष से पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
डॉ. विनय प्रकाश तिवारी की पहल पर शुरू किए गए इस सेवा अभियान के तहत प्रत्येक माह श्रद्धालुओं को निःशुल्क अयोध्या धाम का दर्शन कराया जाता है। शनिवार को रवाना हुआ दल इस अभियान की 21वीं यात्रा का हिस्सा है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ऐसे श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण स्वयं अयोध्या यात्रा का खर्च वहन करने में असमर्थ हैं।
इस सेवा अभियान के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकार और जनसेवा की भावना को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। लगातार 21 यात्राओं का सफल आयोजन क्षेत्र में सराहना का विषय बना हुआ है।