हरदोई को मिले चार नए राजकीय होम्योपैथिक अस्पताल, 1.84 करोड़ रुपये स्वीकृत
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 31/10/2026, 4:01:53 pm
हरपालपुर, सांडी और भरखनी विकासखंड के चार गांवों में होगा निर्माण, 25 गांवों की 50 से 60 हजार आबादी को मिलेगा लाभ
हरदोई। सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल की गई है। उत्तर प्रदेश शासन ने क्षेत्र में चार नए राजकीय होम्योपैथिक अस्पतालों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं के लिए कुल 1 करोड़ 84 लाख 63 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इन अस्पतालों का निर्माण हरपालपुर, सांडी और भरखनी विकासखंड के चार गांवों में कराया जाएगा। विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह 'रानू' के प्रयासों से स्वीकृत इन परियोजनाओं की जानकारी शनिवार, 31 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे विधायक प्रतिनिधि डॉ. रजनीश त्रिपाठी ने दी।
जानकारी के अनुसार, हरपालपुर विकासखंड के खसौरा गांव में 44 लाख रुपये तथा मिरगावां में 53 लाख 5 हजार रुपये की लागत से अस्पतालों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, सांडी विकासखंड की ग्राम पंचायत श्रीमऊ में 42 लाख 62 हजार रुपये और भरखनी विकासखंड मुख्यालय के गांव में 44 लाख 96 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
चारों अस्पतालों के निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को सौंपी गई है। कार्यदायी संस्था की ओर से निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसके बाद चयनित एजेंसी के माध्यम से निर्माण कार्य कराया जाएगा।
25 गांवों की आबादी को मिलेगा लाभ
चारों अस्पताल शुरू होने के बाद सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 25 गांवों की 50 से 60 हजार आबादी को स्थानीय स्तर पर होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए दूर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों तक जाने की जरूरत कम होगी।
इस पहल से विशेष रूप से ग्रामीण परिवारों, महिलाओं, बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल क्षेत्र के लोगों को अस्पतालों के निर्माण कार्य शुरू होने और स्वास्थ्य सेवाएं चालू होने का इंतजार है।