हरदोई में धूमधाम से मनाई गई सरदार पटेल की 151वीं जयंती, निकाली गई रन फॉर यूनिटी
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 31/10/2026, 4:08:50 pm
राष्ट्रीय एकता दिवस पर अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने ली एकता-अखंडता की शपथ, कलेक्ट्रेट से गांधी भवन तक दौड़े प्रतिभागी
हरदोई। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस मौके पर कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना के शुभारंभ तथा राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ ग्रहण समारोह का सजीव प्रसारण किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने कहा कि देश के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
कलेक्ट्रेट से गांधी भवन तक निकाली गई रन फॉर यूनिटी
राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। दौड़ स्वामी विवेकानंद सभागार से शुरू होकर गांधी भवन हरदोई में समाप्त हुई। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
जिला कारागार और पुलिस कार्यालय में भी हुए कार्यक्रम
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला कारागार हरदोई में जेल अधीक्षक अमन कुमार सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कारागार कर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और एकता की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।