हरदोई में 5,322 परिवारों को मिलेगा पीएम आवास योजना का लाभ, मकान बनाने के लिए खर्च होंगे 133 करोड़ रुपये से अधिक
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 31/10/2026, 4:16:53 pm
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत पात्र परिवारों को मिलेंगे 2.50 लाख रुपये, 6,951 परिवारों की डीपीआर तैयार
हरदोई। शहर में अपने पक्के मकान का सपना देख रहे हजारों परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत जिले के 5,322 पात्र परिवारों को मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता देने की तैयारी है। इन परिवारों के आवास निर्माण पर 133 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी।
योजना के तहत अब तक कुल 6,951 पात्र परिवारों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई जा चुकी है। इनमें से 5,322 परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) को भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए धनराशि मिलने का रास्ता साफ होगा।
18,221 आवेदनों की हुई जांच
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत लाभार्थियों के चयन के लिए सर्वे कराया गया था। इसमें लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किए। विभाग की ओर से कुल 18,221 आवेदनों की जांच की गई, जिसमें 8,661 आवेदक अपात्र पाए गए, जबकि 8,937 परिवार पात्र मिले। पात्र परिवारों की डीपीआर तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
योजना के तहत चयनित पात्र परिवार को मकान निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। यह धनराशि तीन किस्तों में लाभार्थियों के खाते में भेजी जाती है, ताकि आवास निर्माण का कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जा सके।
तीन नगरीय निकायों से नहीं भेजा गया प्रस्ताव
जिले के 13 नगरीय निकायों में योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि नगर पालिका परिषद संडीला, नगर पंचायत कछौना पतसेनी और नगर पंचायत पाली से अभी तक किसी भी पात्र परिवार का प्रस्ताव शासन को नहीं भेजा गया है।
अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि पात्र लाभार्थियों का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। जल्द ही धनराशि मिलने की उम्मीद है। इसके बाद पात्र परिवारों को आवास निर्माण के लिए सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सूत्र - संवाद न्यूज