हरदोई की सुनीता को माटीकला में मिला मंडल स्तरीय प्रथम पुरस्कार, 15 हजार रुपये से हुईं सम्मानित
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 31/10/2026, 4:36:10 pm
बिलग्राम की उद्यमी ने पारंपरिक माटीकला में उत्कृष्ट कार्य कर हासिल किया मुकाम, लखनऊ में मिला सम्मान
हरदोई। माटीकला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हरदोई की उद्यमी सुनीता ने जिले का नाम रोशन किया है। माटीकला पुरस्कार योजना के तहत मंडल स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में बिलग्राम तहसील की सुनीता पत्नी अरविंद कुमार को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 15 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई।
जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी सुष्मिता सिंह ने बताया कि 31 अक्टूबर 2026 को परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, लखनऊ की ओर से आयोजित मंडल स्तरीय माटीकला पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में सुनीता को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए यह सम्मान दिया गया।
पारंपरिक कला को बढ़ावा देना है योजना का उद्देश्य
जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि माटीकला पुरस्कार योजना का उद्देश्य पारंपरिक माटीकला को प्रोत्साहित करना, इससे जुड़े कारीगरों एवं उद्यमियों को सम्मानित करना और उनके हुनर को नई पहचान दिलाना है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के पुरस्कारों से माटीकला से जुड़े लोगों का उत्साहवर्धन होता है और उन्हें अपनी कला एवं व्यवसाय को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।