यूपी में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर चुनाव आयोग का एक्शन, कंप्यूटर ऑपरेटरों की ECINET ID होगी बंद
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, लखनऊ • 31/10/2026, 5:44:22 pm
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से जुड़ी अनियमितताओं के मामले में निर्वाचन विभाग ने कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। ECINET पोर्टल पर कंप्यूटर ऑपरेटरों की लॉगिन आईडी निष्क्रिय करने के निर्देश सभी जिलों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालयों को दिए गए हैं।
बताया गया है कि पीलीभीत की एक विधानसभा में ECINET पोर्टल की आईडी के दुरुपयोग का मामला सामने आया था। इसके बाद संबंधित आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटर की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के तहत सभी ERO को अपने कार्यालयों में संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटरों की लॉगिन आईडी निष्क्रिय होने की पुष्टि करनी होगी। इसके बाद इसकी रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजनी होगी।
गौरतलब है कि सपा नेता रामगोपाल यादव ने भी मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और ECINET पोर्टल के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए थे।