हरदोई में दिल दहला देने वाली घटना: पत्नी की हत्या के बाद पति की मौत, गांव में मचा हड़कंप
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 31/10/2026, 11:20:33 pm
हरदोई। जिले के पाली थाना क्षेत्र के कछेलियापुरवा गांव में शनिवार को पति-पत्नी की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी पर चाकू और ईंट से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद पति का शव भी घर में फंदे पर लटका मिला।
मृतकों की पहचान लालपूत राठौर (52) पुत्र छुट्टा और उनकी पत्नी जनुका देवी (50), निवासी कछेलियापुरवा, थाना पाली के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी शाहाबाद संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। एक ही परिवार में हुई इस घटना से गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।