हरदोई: तहसील की इमारत क्षतिग्रस्त व अवैध कब्ज़ा के आरोप में एफआईआर, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री के भाई समेत कई नामजद
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 1/11/2026, 8:40:14 am
बिलग्राम (हरदोई)। बिलग्राम कस्बे में स्थित पुरानी तहसील की ऐतिहासिक सरकारी इमारत को क्षतिग्रस्त करने और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश के मामले में पुलिस ने उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी के भाई धर्मेंद्र कुमार अग्निहोत्री समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
आरोप है कि 30 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे धर्मेंद्र कुमार अग्निहोत्री ने किराये की जेसीबी मंगवाकर पुरानी तहसील भवन के एक हिस्से को क्षतिग्रस्त करवा दिया। घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी को कब्जे में ले लिया।
टेंडर मिलने और जमीन का बैनामा कराने का दावा
रिपोर्ट के मुताबिक, पुरानी तहसील की इमारत वर्ष 1992 में कार्यालय के नई तहसील परिसर में स्थानांतरित होने के बाद से खाली पड़ी थी। आरोप है कि जेसीबी संचालक वीरेश यादव काम करवा रहा था। मशीन मालिक सुशील पाल की ओर से उनके चचेरे भाई महेंद्र पाल काम का संचालन कर रहे थे। मौके पर महेंद्र पाल का पुत्र ईशान पाल भी मौजूद था।
पूछताछ के दौरान महेंद्र पाल ने कथित तौर पर बताया कि धर्मेंद्र कुमार अग्निहोत्री ने पुरानी तहसील की बिल्डिंग तोड़ने का काम यह कहकर दिया था कि उन्हें इसका टेंडर मिला है और जमीन का बैनामा भी कराया गया है। हालांकि, प्रशासनिक जांच में इन दावों को गलत और भ्रामक बताया गया।
नायब नाजिर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
नायब नाजिर मुकेश यादव की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार दोपहर करीब 3:25 बजे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अन्य आरोपों से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।