हरदोई में DM-SP ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सौरभ श्रीवास्तव • कछौना, हरदोई • 1/11/2026, 12:34:25 pm
हरदोई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने प्रथम पाली के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई, वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज, आर्य कन्या महाविद्यालय और आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों के संचालन की स्थिति का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन कराते हुए परीक्षा संपन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी करने और सभी व्यवस्थाओं पर विशेष नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।