हरदोई में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी हुए लाभान्वित
सौरभ श्रीवास्तव • संपूर्ण भारत, हरदोई • 1/11/2026, 3:26:02 pm
हरदोई। आमजन को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जरूरतमंदों को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर 2026 को बाबू श्रीश चन्द्र अग्रवाल बारात घर, हरदोई में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष रीता कौशिक, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने फीता काटकर किया।
शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी। जनपद न्यायाधीश रीता कौशिक ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन स्मिता गोस्वामी ने बताया कि शिविर में लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत से संबंधित जानकारी, विभिन्न प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए मार्गदर्शन तथा सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को मंच पर लाभान्वित भी किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।