हरदोई में 17.5 क्विंटल सोहनपापड़ी सीज, 1.74 लाख रुपये की मिठाई जब्त; संचालक फरार
विमलेश सिंह • भारत, हरदोई • 1/11/2026, 3:31:10 pm
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिठाई में सिंथेटिक रंग और संदिग्ध पदार्थ मिलने की आशंका
हरदोई। दीपावली के त्योहार पर लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार, 31 अक्टूबर की देर शाम बिलग्राम रोड स्थित शंकर बक्शी पुरवा में मिठाई के एक प्रतिष्ठान पर विभागीय टीम ने अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में सोहनपापड़ी सीज की गई।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कुमार गुंजन ने बताया कि प्रतिष्ठान से कुल 17.5 क्विंटल सोहनपापड़ी सीज की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 74 हजार रुपये है। मिठाई की गुणवत्ता पर संदेह होने के चलते खाद्य पदार्थों के तीन नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय जानकारी के अनुसार, प्रतिष्ठान पर सिंथेटिक रंग और अन्य संदिग्ध पदार्थ भी मिले हैं। हालांकि, मिठाई में मिलावट की आधिकारिक पुष्टि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान संचालक संदीप गुप्ता मौके पर नहीं मिला। विभाग के मुताबिक, वह फरार है।
यह अभियान सहायक आयुक्त कुमार गुंजन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि संदिग्ध गुणवत्ता वाली मिठाइयां खरीदने से बचें और किसी प्रकार की शिकायत होने पर विभाग को सूचना दें। प्रयोगशाला रिपोर्ट में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।