हरदोई में शांतिपूर्ण संपन्न हुई पीईटी परीक्षा, दोनों पालियों में 5,618 अभ्यर्थी रहे उपस्थित
विमलेश सिंह • भारत, हरदोई • 2/11/2026, 8:46:38 am
नौ परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा, 2,446 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा; डीएम और एसपी ने केंद्रों का किया निरीक्षण
हरदोई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) रविवार को जनपद में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा के अंतिम दिन शहर के नौ केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। दोनों पालियों में कुल 8,064 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,618 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,446 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद रहे। सभी नौ परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। केंद्रों पर सघन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इन नौ केंद्रों पर हुई परीक्षा
शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सीएसएन पीजी कॉलेज, आर्य कन्या महाविद्यालय, आर्य पाठशाला इंटर कॉलेज, महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आरआर इंटर कॉलेज, श्री वेणी माधव बालिका इंटर कॉलेज और सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल में परीक्षा आयोजित हुई।
जेवर उतरवाने के बाद मिला प्रवेश
आयोग की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया गया। महिला अभ्यर्थियों के बालियां, मंगलसूत्र, अंगूठी समेत अन्य धातु के आभूषण भी गेट पर उतरवाए गए। तलाशी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
जिलाधिकारी राहुल पांडेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने प्रथम पाली में राजकीय इंटर कॉलेज, वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज, आर्य कन्या महाविद्यालय और आर्य पाठशाला इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोग और शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर जोर दिया।
दोनों पालियों का परीक्षा परिणाम
प्रथम पाली में 4,032 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2,802 उपस्थित हुए और 1,230 अनुपस्थित रहे।
द्वितीय पाली में भी 4,032 परीक्षार्थियों का पंजीकरण था। इनमें से 2,816 ने परीक्षा दी, जबकि 1,216 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
अभ्यर्थियों ने बताया संतुलित रहा पेपर
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को संतुलित बताया। लखनऊ की पूर्णिमा वर्मा ने बताया कि पेपर में हरित क्रांति, पंचवर्षीय योजना और संविधान से जुड़े सवाल अच्छे थे। कुछ प्रश्न राजनीति से संबंधित भी थे।
उन्नाव की छवि ने बताया कि कुछ सवालों को हल करने में सोचने की जरूरत पड़ी, लेकिन अधिकांश प्रश्न आसानी से हल हो गए। गोरखपुर के मुन्नू ने तैयारी के अनुरूप बेहतर परिणाम आने की उम्मीद जताई। वहीं अंबेडकरनगर के अमित ने बताया कि उन्होंने पहले आसान सवाल हल किए, जिससे कठिन प्रश्नों के लिए पर्याप्त समय मिल गया।
इस तरह जनपद में पीईटी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक निगरानी बनी रही।