हरदोई: विकास कार्यों में गड़बड़ी की पुष्टि, निवर्तमान प्रधान समेत तीन को नोटिस
विमलेश सिंह • भारत, हरदोई • 2/11/2026, 8:59:31 am
डीएम राहुल पांडेय ने 15 दिन में साक्ष्यों सहित मांगा जवाब, संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी
हरदोई। विकास कार्यों में अनियमितता और भुगतान में गड़बड़ी के मामले में जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने सख्त रुख अपनाया है। विकासखंड भरावन की ग्राम पंचायत महुआडांडा में जांच के दौरान कई खामियां सामने आने पर निवर्तमान प्रधान प्रशासक समेत दो पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी से 15 दिन के अंदर साक्ष्यों सहित जवाब मांगा गया है। निर्धारित समय में जवाब न देने या स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
यह कार्रवाई महुआडांडा निवासी यशवीर सिंह उर्फ भूरे सिंह की शिकायत पर कराई गई जांच के आधार पर की गई है। जिलाधिकारी ने निवर्तमान प्रधान प्रशासक आलोक सिंह, पंचायत सचिव अमर सिंह और तत्कालीन पंचायत सचिव रवींद्र सिंह को नोटिस जारी किया है।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिला ग्राम्य विकास संस्थान के जिला प्रशिक्षण अधिकारी और राष्ट्रीय जल प्रबंध योजना के अधिशासी अभियंता के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण और अभिलेखों का परीक्षण कराया गया था। जांच रिपोर्ट में ग्राम पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों में अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में सामने आईं कई खामियां
जांच में पाया गया कि ग्राम पंचायत का पंचायत भवन अधूरा पड़ा है। वहीं इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का पालन नहीं किया गया। इसके अलावा वाटिका में लगाए गए लाइट और पोल भी खराब स्थिति में मिले।
जांच रिपोर्ट में रिकवरी रिसोर्स सेंटर (आरआरसी) के स्थल चयन में भी मनमानी किए जाने की बात सामने आई। सेंटर की स्थिति भी खराब पाई गई और वह क्षतिग्रस्त होने लगा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। अब संबंधित लोगों के जवाब और उपलब्ध कराए जाने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।