महिला के कान से कुंडल लूटने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा और लूटा गया कुंडल बरामद
आचार्य संजीव कुमार मिश्रा • संपूर्ण भारत, बरेली • 2/11/2026, 3:38:53 pm
बरेली फरीदपुर क्षेत्र में राह चलती महिला के कान से कुंडल खींचकर फरार हुए शातिर आरोपी के पीछे पुलिस ने जिस तेजी और तकनीकी दक्षता के साथ कदम बढ़ाए, उसका परिणाम सोमवार सुबह पुलिस मुठभेड़ के रूप में सामने आया। थाना फरीदपुर पुलिस एवं एसओजी-02 की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में वांछित बताए जा रहे आरोपी देवराज पुत्र श्याम सिंह, निवासी ग्राम बकैनिया, थाना फरीदपुर को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 32 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक तथा महिला से छीना गया पीली धातु का कुंडल बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक घटना का सिलसिला 30 अक्टूबर 2026 को शुरू हुआ, जब सुनील पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम कमालपुर पालपुर, थाना कैंट अपनी पत्नी ईशु के साथ बाइक से उनकी ससुराल मोहल्ला कानूनगोयान, फरीदपुर जा रहे थे। इसी दौरान करीब शाम पांच बजे दशमेश ढाबे के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने कथित रूप से उनकी पत्नी के कान से कुंडल खींच लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया।
मामले में थाना फरीदपुर पर मु0अ0सं0 833/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। घटना को चुनौती के रूप में लेते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तकनीक बनी पुलिस की ताकत, ‘चेहरे से खोजे’ सुविधा से खुला सुराग
घटना के अनावरण में पुलिस ने तकनीक का सहारा लेते हुए यक्ष एप पर उपलब्ध ‘अपराधी खोजे—चेहरे से खोजे’ सुविधा का प्रयोग किया। पुलिस के अनुसार फुटेज में दिखाई दिए चेहरे की तकनीकी पड़ताल के बाद उसकी पहचान देवराज पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम बकैनिया के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी।
इसी क्रम में 2 नवंबर 2026 को मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि 30 अक्टूबर की छिनैती की घटना को अंजाम देने वाला आरोपी किसी अन्य वारदात की फिराक में ग्राम उगनपुर के आसपास मोटरसाइकिल से घूम रहा है। सूचना मिलते ही एसओजी-02 और थाना फरीदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कच्ची नहर पटरी, ग्राम मोहनपुर के पास चेकिंग शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान आमना-सामना, पुलिस के अनुसार आरोपी ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे सामने से एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बाइक सवार ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बाइक सवार घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस के मुताबिक घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज पुत्र श्याम बिहारी निवासी ग्राम बकैनिया, थाना फरीदपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध 32 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक तथा कथित रूप से लूटा गया कुंडल बरामद किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
बिना नंबर की बाइक ने खोला राज, ई-चालान से सामने आया असली पंजीकरण
पुलिस के अनुसार जिस बाइक से आरोपी पकड़ा गया, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस टीम ने बाइक के चेसिस नंबर को ई-चालान एप पर चेक किया तो उसका पंजीकरण नंबर UP25ED6693 सामने आया। पुलिस का दावा है कि यही बाइक 30 अक्टूबर को टोल प्लाजा फरीदपुर के पास हुई छिनैती की घटना में प्रयुक्त की गई थी।
पुलिस के अनुसार बरामद कुंडल के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने उसे 30 अक्टूबर की घटना में छीना जाना बताया। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसे दर्ज मुकदमे से जोड़ते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी देवराज के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, बरामदगी, अपहरण/धमकी, आर्म्स एक्ट, गिरोहबंद अधिनियम तथा अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने उसका आपराधिक इतिहास इस प्रकार बताया है—
1. मु0अ0सं0 1533/2019, धारा 379/411 भादवि, थाना बारादरी, बरेली।
2. मु0अ0सं0 512/2021, धारा 379/411 भादवि, थाना फरीदपुर, बरेली।
3. मु0अ0सं0 246/2023, धारा 365/506 भादवि, थाना फरीदपुर, बरेली।
4. मु0अ0सं0 822/2024, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट, थाना फरीदपुर, बरेली।
5. मु0अ0सं0 0043/2025, धारा 309(4), 317(2), थाना फरीदपुर, बरेली।
6. मु0अ0सं0 911/2025, धारा 2(b)(i), 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, थाना फरीदपुर, बरेली।
7. मु0अ0सं0 280/2021, धारा 4/25 आयुध अधिनियम, थाना इज्जतनगर, बरेली।
8. मु0अ0सं0 281/2021, धारा 413/414 भादवि, थाना इज्जतनगर, बरेली।
फरीदपुर की इस कार्रवाई में तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और पुलिस की सक्रियता ने कथित छिनैती की घटना को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। महिला के कान से छीना गया कुंडल बरामद होने के साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बताई जा रही बाइक और अवैध हथियार भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ और अन्य आपराधिक घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।