आईटीआई में प्रवेश का एक और मौका, 15 नवंबर तक रिक्त सीटों पर मिलेगा दाखिला
विमलेश सिंह • भारत, हरदोई • 2/11/2026, 4:29:52 pm
हरदोई। राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रवेश प्रक्रिया 2026 के पंचम चरण के तहत रिक्त सीटों पर दाखिले का एक और अवसर दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 नवंबर 2026 की शाम 5 बजे तक प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हरदोई के प्रधानाचार्य आरके श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद के सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि ऐसे अभ्यर्थी, जिनका पंचम चरण तक किसी भी राजकीय अथवा निजी आईटीआई के एससीवीटी व्यवसाय में प्रवेश नहीं हो सका है, वे वॉक-इन सिद्धांत के तहत प्रवेश ले सकते हैं। इसमें प्रवेश प्रक्रिया के लिए पहले से पंजीकृत अभ्यर्थियों के साथ-साथ नए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थी भी शामिल होंगे।
इच्छुक अभ्यर्थियों को रिक्त सीटों के सापेक्ष प्रवेश के लिए 15 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में उपस्थित होना होगा। प्रधानाचार्य ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का दावा अथवा प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।