हरदोई में दीपावली पर तीन दिन लगेंगी आतिशबाजी की अस्थाई दुकानें, 3 नवंबर को होगा लॉटरी से आवंटन
विमलेश सिंह • भारत, हरदोई • 2/11/2026, 5:15:50 pm
हरदोई। दीपोत्सव पर्व को देखते हुए जनपद में आतिशबाजी की अस्थाई दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने बताया कि 6, 7 और 8 नवंबर 2026 को सीएसएन पीजी कॉलेज एवं आईटीआई मैदान में निर्धारित ले-आउट के अनुसार आतिशबाजी की अस्थाई दुकानें लगाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि अस्थाई शेड में आतिशबाजी के भंडारण एवं बिक्री के लिए निर्धारित नियमों के तहत दुकानों का आवंटन लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा। इसके लिए 3 नवंबर 2026 को अपराह्न 2 बजे सीएसएन पीजी कॉलेज के हॉल में लॉटरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सीएसएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। नगर मजिस्ट्रेट ने समिति को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तिथि और समय पर शुचितापूर्ण तरीके से लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन सुनिश्चित करें।
आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दुकानदारों की सूची नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी।