'सपाई और कसाई' को कह दिया, दिक्कत है तो घर पर मातम मनाओ: योगी आदित्यनाथ
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, गोंडा • 2/11/2026, 5:25:46 pm
गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दुर्गा पूजा और धार्मिक आयोजनों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर किसी सपाई और कसाई को मां दुर्गा की पूजा से परेशानी है तो अपने घर में शोक मनाओ, लेकिन किसी दूसरे को परेशान मत करो।
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में दुर्गा पूजा के पंडालों को लेकर विवाद खड़े किए जाते थे और पूजा की अनुमति देने में भी बाधाएं आती थीं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों में भी रुकावटें पैदा की जाती थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के लिए श्राप है। जब भी उसकी सरकार आई, प्रदेश में तबाही मची। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त हुआ है।
योगी आदित्यनाथ गोंडा में 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों और दीपोत्सव की तैयारियों का भी जिक्र किया।