फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की छापेमारी, 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद
अनिल कुमार यादव • कानपुर मंडल, फर्रुखाबाद • 2/11/2026, 8:19:32 pm
फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार, 2 नवंबर को आबकारी विभाग की टीम ने नेकपुर चौरासी गांव में छापेमारी कर 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मौके से करीब 90 किलोग्राम लहन भी बरामद हुआ, जिसे टीम ने नष्ट करा दिया।
आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम नेकपुर चौरासी में दबिश दी।
इस दौरान अवैध कच्ची शराब और लहन बरामद होने पर आबकारी अधिनियम की सुसंगत धारा में एक अभियोग पंजीकृत किया गया। टीम ने ग्रामीणों को अवैध शराब का सेवन नहीं करने और अवैध शराब के ठिकानों की सूचना विभाग को देने के लिए जागरूक भी किया।
शराब की दुकानों का भी किया औचक निरीक्षण
छापेमारी के साथ ही आबकारी टीम ने देशी शराब दुकान नेकपुर चौरासी और मॉडल शॉप आवास विकास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। देशी शराब दुकानों की कैंटीन भी चेक की गई।
अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन के निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों में उपलब्ध शराब के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया और अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।