हरदोई: सांसद की शिकायत पर दो सड़कों की जांच, मानक सही मिलने का दावा; जांच टीम पर ही उठे सवाल
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 3/11/2026, 10:14:06 am
बेनीगंज। मिश्रिख से भाजपा सांसद एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग की दो सदस्यीय टीम ने सोमवार को दो सड़कों के निर्माण कार्यों की जांच की। जांच टीम ने मौके पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मानक सही पाए जाने का दावा किया है। हालांकि, सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र वाजपेयी ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
दरअसल, सांसद अशोक रावत ने 20 मई को मुख्य सचिव से शिकायत की थी। शिकायत में लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड की ओर से रामपुर संपर्क मार्ग से शेखवापुर तक और भेलावां संपर्क मार्ग पर कराए जा रहे निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी और घटिया निर्माण सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया गया था। सांसद ने मामले की टीएसी से जांच कराने की मांग की थी।
शिकायत के क्रम में लखनऊ के अधीक्षण अभियंता जेपी सिंह के नेतृत्व में जांच टीम मौके पर पहुंची। टीम में सीतापुर के अधीक्षण अभियंता सतीश कुमार सिंह और अवर अभियंता सुनील कुमार भी शामिल रहे। अधिकारियों ने दोनों स्थानों पर सड़क की खुदाई कराकर निर्माण की गुणवत्ता परखी। इस दौरान गिट्टी, तारकोल, पत्थरों की साइज, ग्रेडिंग और बिछाई गई परतों की जांच की गई।
जांच टीम ने अपनी पड़ताल के बाद निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप बताया। अधिकारियों का कहना है कि मौके पर कोई तकनीकी कमी नहीं मिली।
वहीं, जांच टीम के पहुंचने की जानकारी मिलने पर सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र वाजपेयी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जांच के निष्कर्षों पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी दिखाई दे रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में दोबारा उच्चस्तरीय अधिकारियों से जांच कराई जाएगी।
अब जांच टीम की रिपोर्ट और सांसद प्रतिनिधि की ओर से उठाए गए सवालों के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।