हरदोई में उज्ज्वला लाभार्थियों को बड़ी सौगात, निःशुल्क गैस रिफिल के लिए खातों में पहुंची सब्सिडी
विमलेश सिंह • भारत, हरदोई • 3/11/2026, 7:33:12 pm
नितिन अग्रवाल ने गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम में की शिरकत, डीएम राहुल पाण्डेय भी रहे मौजूद; जिले में 5.13 लाख उज्ज्वला गैस कनेक्शन
हरदोई। गांधी भवन में मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस रिफिल वितरण एवं सब्सिडी हस्तांतरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम से सीधे जोड़ा गया। इस दौरान उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में गैस रिफिल के लिए सब्सिडी की धनराशि हस्तांतरित की गई।
मुख्य अतिथि नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीब परिवारों, विशेषकर महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें लकड़ी और उपलों के धुएं से होने वाली परेशानियों से राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस रिफिल एवं सब्सिडी का लाभ उपलब्ध करा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी गरीब परिवार स्वच्छ ईंधन की सुविधा से वंचित न रहे। महिलाओं को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उनके सम्मान एवं सशक्तीकरण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
हरदोई में 5,13,867 उज्ज्वला गैस कनेक्शन
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि जनपद हरदोई में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत कुल 5,13,867 गैस कनेक्शन हैं। इनमें से 3,73,135 कनेक्शनों पर सीधे सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार, जिला समन्वयक श्याम सुंदर केसरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।