हरदोई में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 95 किलो खराब मिठाई नष्ट, दो इलाकों में छापेमारी
सौरभ श्रीवास्तव • संपूर्ण भारत, हरदोई • 3/11/2026, 8:22:38 pm
संडीला और शाहाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने की कार्रवाई, दूध और मिठाइयों के छह नमूने जांच के लिए भेजे
हरदोई। त्योहारों और बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को संडीला और शाहाबाद क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने कुल 95 किलो खराब और दूषित मिठाइयों को मौके पर नष्ट कराया। साथ ही गुणवत्ता की जांच के लिए मिठाइयों और दूध के छह नमूने भी लिए।
संडीला में 40 किलो मिठाई नष्ट
सहायक आयुक्त (खाद्य) कुमार गुंजन के नेतृत्व में टीम ने संडीला स्थित राकेश स्वीट्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान साफ-सफाई में लापरवाही और अनियमितताएं मिलीं। टीम ने उपभोग के लिए अनुपयुक्त करीब 40 किलो बासी मिठाइयों को मौके पर नष्ट कराया। इनकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा दुकान से खोया और दूध के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। प्रतिष्ठान स्वामी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जा रहा है।
शाहाबाद में 55 किलो मिठाई नष्ट
विभाग की दूसरी टीम ने शाहाबाद क्षेत्र के उद्धवरनपुर में श्री कीर्ति कुमार पुत्र श्रीनिवास रावत के लॉज निर्माण स्थल पर कार्रवाई की। यहां टीम ने 55 किलो दूषित मिठाई नष्ट कराई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 हजार रुपये बताई गई है।
टीम ने मिल्क स्वीट, डोडा बर्फी, लच्छा बर्फी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के चार नमूने जांच के लिए लिए। सभी नमूनों को राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सहायक आयुक्त खाद्य कुमार गुंजन ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि नमूनों में मिलावट या निर्धारित गुणवत्ता मानकों में कमी पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई और खाद्य पदार्थों के कारोबारियों में हलचल रही।