घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की गोली मारकर की हत्या
राज प्रताप सिंह • कटरा खुदागंज, शाहजहांपुर • 4/11/2026, 6:38:58 am
घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की गोली मारकर की हत्या, गांव में मचा हड़कंप
तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह, 20 दिन से मायके में रह रही थी रेशमा; अलमारी की चाबी मांगने के बाद बाइक से पत्नी को घर लाया था आरोपी पति
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर में घरेलू विवाद ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच कई दिनों से चल रही अनबन के बाद पति शिवम ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी रेशमा की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। गोली रेशमा के गाल पर लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि शिवम और रेशमा के बीच पिछले कई दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों के रिश्तों में तनाव इतना बढ़ गया था कि रेशमा करीब 20 दिन से अपने मायके में रह रही थी। शिवम कंबाइन मशीन का चालक है। उसने करीब तीन साल पहले पड़ोसी गांव चौढ़ेरा-चौढ़ेरी निवासी रेशमा से प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में दोनों साथ रह रहे थे, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके बीच अनबन चल रही थी।
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम को शिवम काम से वापस लौटा था। इसके बाद मंगलवार सुबह वह अपनी ससुराल पहुंच गया। वहां उसने अलमारी से अपने कपड़े निकालने के लिए पत्नी रेशमा से चाबी मांगी। इसके बाद शिवम ही रेशमा को बाइक पर बैठाकर अपने घर त्रिलोकपुर ले आया।
घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच एक बार फिर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि शिवम ने तमंचे से रेशमा को गोली मार दी। गोली उसके गाल पर लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही निगोही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपी पति शिवम को हिरासत में ले लिया है। परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस घरेलू विवाद और हत्या के पीछे की वजहों की पड़ताल कर रही है।
तीन साल का रिश्ता पलभर में खत्म
करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह कर एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला करने वाले शिवम और रेशमा के रिश्ते का अंत इस तरह होगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। कई दिनों से चल रही अनबन के बाद हुई इस वारदात ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। 23 वर्षीय रेशमा की हत्या से उसके मायके और ससुराल पक्ष में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के साथ ही वारदात में प्रयुक्त तमंचे और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।